महिला से बदसलूकी का विरोध करने पर चार युवकों पर हमला, तीन के सिर फटे

महिला से बदसलूकी का विरोध करने पर चार युवकों पर हमला, तीन के सिर फटे

Published on

बरानगर के देशबंधु नगर रोड की घटना, एक घायल की हालत गंभीर

शिकायत के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

बरानगर :

बरानगर नगरपालिका के वार्ड नंबर 10 स्थित देशबंधु नगर रोड इलाके में महिला से कथित बदसलूकी का विरोध करना चार युवकों को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में चार युवक घायल हुए हैं, जबकि तीन के सिर में गंभीर चोट लगी है। इनमें एक की हालत नाजुक बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात एक महिला अन्नपूर्णा योजना को लेकर इलाके में एक बीएलओ से बातचीत कर रही थी तभी इलाके का ही रहने वाला जगजीत सिंह नामक युवक पीछे से आया और महिला के साथ बदसलूकी करने लगा। महिला के साथ हो रही इस हरकत को देखकर वहां मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद जगजीत सिंह ने शिवा हेला समेत कुछ लोगों को बुला लिया और विरोध करने वालों पर हमला कर दिया। घायलों को तत्काल सागर दत्त अस्पताल ले जाया गया। इनमें दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी, जबकि अन्य का इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। पीड़ित पक्ष की ओर से बरानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in