मंगेतर को घर छोड़ने निकले मर्चेंट नेवी कर्मी की बाइक पेड़ से टकराई, दोनों की मौत

बारिश से फिसलन भरी सड़क पर देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
 सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

बैरकपुर : सोदपुर के रामनगर इलाके में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में मर्चेंट नेवी कर्मी और उनकी मंगेतर की मौत हो गई। बारिश से फिसलन भरी सड़क पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान बैरकपुर के मणिरामपुर निवासी साह्निक चक्रवर्ती (26) और पानीहाटी के घोला निवासी उपासना सान्याल (26) के रूप में हुई है। दोनों की शादी तय हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात साह्निक बाइक से उपासना को उनके घर छोड़ने जा रहे थे। रात करीब 2:30 बजे रासमणि मोड़ के पास रामनगर मोड़ पर आर.एन. एवेन्यू रोड से गुजरते समय उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर जा गिरे। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। खड़दह थाना पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से खड़दह बलराम सेवा मंदिर अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि साह्निक छुट्टी पर घर आए थे और जल्द ही ड्यूटी पर लौटने वाले थे। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in