

बनगांव : गोपालनगर थाना क्षेत्र के शुल्क दुर्गापुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता सुप्रिया घोषाल की मौत को लेकर सनसनी फैल गई है। मायके वालों ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति प्रसेनजीत चक्रवर्ती (32) को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे बनगांव अदालत में पेश करने पर न्यायाधीश ने 7 दिनों की पुलिस हिरासत का आदेश दिया। मायके वालों के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पहले सुप्रिया की शादी प्रसेनजीत से हुई थी। उनकी तीन साल की बेटी है। आरोप है कि शादी के दो साल बाद से ही ससुराल में मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। परिवार का दावा है कि पिता दिलीप घोष ने कई बार आर्थिक मदद की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बुधवार रात रुपये को लेकर घर में विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सुप्रिया को जबरन नींद की दवा खिलाकर पीटा गया। गंभीर हालत में उसे बनगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर एनआरएस अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ले जाते वक्त एंबुलेंस में भी प्रसेनजीत ने उसके साथ मारपीट की। इलाज के दौरान गुरुवार रात सुप्रिया की मौत हो गई। इसके बाद उसकी मां अपर्णा घोषाल ने गोपालनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या, मारपीट और प्रताड़ना समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।