कांचरापाड़ा स्कूल में 1.77 करोड़ की बरामदगी मामले में मैनेजिंग कमेटी का सचिव गिरफ्तार

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

बैरकपुर : कांचरापाड़ा के एक निजी इंग्लिश मीडियम स्कूल से 1.77 करोड़ रुपये नकद बरामद होने के मामले में पुलिस ने स्कूल की मैनेजिंग कमेटी के सचिव गौतम घोष दस्तीदार को गिरफ्तार किया है। उन पर वित्तीय अनियमितता से जुड़े मामले में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस ने गुरुवार की रात टीटागढ़ स्थित उनके आवास पर कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। शुक्रवार को आरोपी को बैरकपुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। गौरतलब है कि जून में स्कूल के एक बंद कमरे से करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। इतनी बड़ी रकम स्कूल परिसर तक पहुंचने के स्रोत और उद्देश्य को लेकर जांच शुरू की गई थी। इस मामले में कांचरापाड़ा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन कमल अधिकारी, गौतम घोष दस्तीदार समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इससे पहले स्कूल के अकाउंटेंट अभीक कुमार नाग को भी गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में पुलिस बरामद नकदी के स्रोत, उसे स्कूल तक पहुंचाने वाले लोगों और कथित वित्तीय अनियमितताओं के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गौतम घोष दस्तीदार के खिलाफ प्रभाव का इस्तेमाल कर विभिन्न विभागों में तबादले कराने से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि गौतम घोष दस्तीदार कांचरापाड़ा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन कमल अधिकारी के करीबी हैं। पुलिस अब हिरासत में उनसे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in