सीआईडी की बड़ी कार्रवाई : हथियारों की खेप के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

महिला के बैग से 6 पिस्टल व 200 कारतूस बरामद
सीआईडी की बड़ी कार्रवाई : हथियारों की खेप के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
Published on

बिहार से जुड़े मिले हथियार तस्करी नेटवर्क के तार

उत्तर 24 परगना : उत्तर 24 परगना के अशोकनगर में रविवार सुबह सीआईडी और अशोकनगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जिसके बैग से छह पिस्टल, 12 मैगजीन और करीब 200 जिंदा कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में हथियारों की खेप बिहार से पश्चिम बंगाल लाकर बांग्लादेश तक पहुंचाए जाने की आशंका जताई गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान हाबरा नगरपालिका के वार्ड नम्बर 12 निवासी पूजा विश्वास के रूप में हुई है। सीआईडी को सूचना मिली थी कि वह हथियार लेकर नैहाटी-अशोकनगर मार्ग से हाबरा की ओर जा रही है। इसके बाद टीम ने नैहाटी से उसका पीछा किया और अशोकनगर के 8 नंबर मोड़ पर संदिग्ध मैजिक वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से चार 7 एमएम और दो 9 एमएम पिस्टल, 12 मैगजीन, करीब 200 कारतूस, 12 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन तथा बिहार के जमालपुर का ट्रेन टिकट बरामद हुआ। बरामद टिकट से जांच एजेंसियों को संदेह है कि हथियारों की खेप ट्रेन के जरिए बिहार से पश्चिम बंगाल लाई गई थी। सूत्रों के अनुसार, पता चला है कि पूजा विश्वास कथित तौर पर अपने पति नीलरतन के निर्देश पर हथियारों की खेप पहुंचाने का काम करती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि नीलरतन कपड़े के कारोबार की आड़ में अवैध हथियार तस्करी से जुड़ा हुआ है और फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार, दंपती बनगांव सीमावर्ती इलाके में एक हथियार तस्कर के लिए केवल खेप पहुंचाने का काम करते थे। अधिकारियों का मानना है कि इसके पीछे एक सक्रिय अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह काम कर रहा है।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पूजा विश्वास पहले भी दत्तापुकुर थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। अब उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और हथियारों के खरीदारों की पहचान की जा रही है। आरोपी को बारासात अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in