

नदिया : आईपीएल फाइनल के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चकदाह थाने की पुलिस ने एक बड़े बेटिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चकदाह के एक घर में छापेमारी कर इस धंधे में शामिल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। मौके से 12 मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया गया, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन बेटिंग के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार अभियुक्तों में आकाश सरदार, राजीव साधुखां, शुभजीत सरकार, सुजन पाल, शुभ सरकार, विश्वजीत दास, प्रशांत सरकार, सुजीत पाल और देबाशीष घोष शामिल हैं। सभी अभियुक्त नदिया जिले के शिमुराली, कालीबाजार और रसुल्लापुर इलाके के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस सट्टेबाजी गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।