

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महाशिवरात्रि से पहले फूलों के दाम आसमान छू रहे हैं। 5 रुपये बिकने वाले फूल, त्योहार को लेकर 15 से 20 रुपये में बिक रहे हैं। महाशिवरात्रि से पहले शनिवार को वैलेंटाइन डे भी है, जिसकी वजह से शुक्रवार को फूलों के दाम आम दिनों से काफी ज्यादा बढ़े हुए थे। चाहे हम बात करें गुलाब की या धतूरा, बेलपत्र और अन्य फूलों की, सभी के दाम काफी बढ़े हुए थे। दुकानदारों ने भी बताया कि त्योहार को लेकर फूलों के दाम में 20 से 30% इजाफा हुआ है, कुछ दिनों में यह फिर सामान्य हो जाएगा।
खरीददारों की लगी है भीड़
चाहे कोई पूजा हो या भव्य आयोजन, फूलों के बिना माहौल अधूरा सा लगता है। इसलिए त्योहार के दौरान भले ही फूलों के दाम बढ़े हुए हैं, मगर खरीददारों की कोई कमी नहीं है। हावड़ा स्थित मल्लिक घाट फूल मार्केट में फूलों की खरीददारी के लिए जैसे लोगों का तांता लगा हुआ है। लोग सजावट के लिए थोक में फूलों की खरीददारी कर रहे हैं।
फलों के दाम भी बढ़े
त्योहार को लेकर फूलों के साथ फलों के दाम भी बढ़े हुए हैं। फल दुकानदारों के मुताबिक महाशिवरात्रि को लेकर सभी फलों के दाम में 30 से 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जो अंगूर आम दिनों में 160 से 180 रुपये के बीच बिक रहा था, वहीं बीते कुछ दिनों से 200 रुपये पर पहुंच गया है। इसके साथ ही अनार, केला, बेर, नारंगी समेत अन्य फलों के दाम भी बढ़े हैं। इस बारे में दुकानदार साजिद हुसैन ने कहा कि महाशिवरात्रि को लेकर फलों के दाम बढ़ गए हैं। सभी फलों के दाम में थोड़ा बहुत अंतर आया है। हालांकि कुछ दिनों में दाम में गिरावट की उम्मीद है।