

न्यू बैरकपुर: शादी का वादा कर ढाई साल तक साथ रहने के बाद कथित तौर पर रिश्ते से पीछे हटने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। 24 वर्षीय महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर पर पेट पर लात-घूंसों से वार करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, हमले के बाद उसका गर्भपात हो गया। शिकायत मिलने के बाद न्यू बैरकपुर थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुगबेरिया की रहने वाली महिला के मुताबिक, वह पिछले करीब ढाई वर्षों से अमृत चक्रवर्ती के साथ रह रही थी। आरोप है कि रिश्ते की शुरुआत से ही अमृत ने उससे शादी करने का भरोसा दिया था। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और महिला गर्भवती हो गई। गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शादी से इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, 16 अगस्त की शाम महिला इसी मुद्दे पर बातचीत करने अमृत के घर पहुंची थी। आरोप है कि वहां विवाद के दौरान अमृत ने उसके साथ मारपीट की और पेट के निचले हिस्से पर कई बार लात-घूंसे मारे। महिला ने कपड़े फाड़ने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और गर्भपात हो गया। इसके बाद उसने 18 अगस्त की रात थाने में लिखित शिकायत दीl