युवक पर लोहे की रॉड और ईंट से जानलेवा हमला

आभूषण लूटने का भी आरोप
युवक पर लोहे की रॉड और ईंट से जानलेवा हमला
Published on

बैरकपुर : नोआपाड़ा थाना क्षेत्र के गारुलिया में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा और लोहे की रॉड व ईंट से सिर और सीने पर वार किया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए बिधाननगर स्थित अपोलो मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मामले को लेकर साउथ जूट मिल रोड, गारुलिया निवासी गणेश चौधरी की शिकायत पर नोआपाड़ा थाने में केस दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार गुरुवार की रात करीब 1:10 से 1:15 बजे के बीच गणेश का भतीजा शेखर चौधरी उर्फ बंटी महादेव क्लब के सामने अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पिंटू चौधरी, बिकी चौधरी उर्फ कल्लू और अमन चौधरी वहां पहुंचे और कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर शेखर को जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और ईंट से सिर तथा सीने पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उसकी चांदी की कलाई की चेन और सोने की चेन आरोपी अपने साथ ले गए। शिकायत के आधार पर नोआपाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in