

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
काकद्वीप : वकील के चैंबर से एक लॉ कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गयी। मृत छात्रा का नाम सोनिया हालदार (21) है। वह काकद्वीप गांधीनगर इलाके की रहने वाली थी। घटना काकद्वीप के प्रतापादित्य ग्राम पंचायत क्षेत्र में हुई। घटनास्थल से एक प्रेम पत्र बरामद होने के बाद पुलिस इस मामले की जांच आत्महत्या या किसी अन्य साजिश के दृष्टिकोण से कर रही है। मृतका के परिवार ने एक वकील पर प्रेम संबंध और तनाव का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है।जानकारी के मुताबिक छात्रा रोजाना की तरह बुधवार की सुबह पढ़ाई और प्रैक्टिस के लिए घर से निकली थी। परिवार के अनुसार, वह नियमित रूप से एक स्थानीय वकील के चैंबर में प्रैक्टिस के लिए जाती थी लेकिन शाम को खबर मिली कि उसका शव उसी चैंबर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से मृतका का बैग बरामद हुआ, जिसमें एक प्रेम पत्र मिला। परिवार का दावा है कि यह पत्र मृतका और उक्त वकील के बीच घनिष्ठ संबंधों की पुष्टि करता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का सटीक कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है। इस बीच, घटना के बाद से उक्त वकील फरार है, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया है। परिजनों ने बताया कि सोनिया बेहद मेहनती और महत्वाकांक्षी थी। वह कोर्ट में वकालत की बारीकियां सीखने के लिए उत्सुक रहती थी। वकील के चैंबर में उसकी नियमित उपस्थिति को लेकर परिवार को पहले कोई शक नहीं था। लेकिन अब वे दावा करते हैं कि वकील ने सोनिया के साथ अनुचित संबंध बनाए और जब उसने विरोध किया तो उसे मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वकील का चैंबर अक्सर बंद रहता था और इलाके में उसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठते रहे हैं। पुलिस ने चैंबर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। प्रेम पत्र की हैंडराइटिंग की जांच चल रही है। साथ ही, सोनिया के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड और मैसेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि वकील की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अगर वह 24 घंटे में नहीं मिला तो लुकआउट नोटिस जारी होगा।