हुगली नदी के बांध में भूस्खलन, रायपुर-डोंगारिया में दहशत

सांसद अभिषेक बनर्जी को दी गई पूरी रिपोर्ट
बजबज पंचायत समिति के सभापति बुचान बनर्जी रात के समय भूस्खलन हुए नदी बांध इलाके का परिदर्शन करते हुए
बजबज पंचायत समिति के सभापति बुचान बनर्जी रात के समय भूस्खलन हुए नदी बांध इलाके का परिदर्शन करते हुए
Published on

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर : बजबज-2 ब्लॉक के डोंगारिया-रायपुर पंचायत क्षेत्र में बुधवार देर रात हुगली नदी के किनारे भयावह भूस्खलन हुआ। अस्थायी मिट्टी के बांध का लगभग 300 फुट लंबा हिस्सा अचानक धंस गया। इस हादसे से इलाके में दहशत फैल गई। एक पक्का मकान का बड़ा हिस्सा नदी में समा गया और कई अन्य घर खतरे की जद में आ गए। घटना रात 11 बजे के आसपास हुई। नदी के तेज बहाव व ऊंचे जलस्तर के कारण बांध का हिस्सा भरभरा कर गिरने लगा। देखते-देखते एक परिवार का पूरा मकान नदी में समा गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलते ही बजबज पंचायत समिति के सभापति बुचान बनर्जी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए उन्होंने कहा, “घबराइए मत, प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मरम्मत का काम शुरू हो चुका है। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। सिंचाई विभाग की टीम रात में ही मशीनरी के साथ पहुंच गई। जियो बैग्स, बोल्डर और बांस की बल्लियों से बांध की तात्कालिक मरम्मत शुरू कर दी गई। डीएम और एसडीओ स्तर के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर लोगों को दूर रहने की हिदायत दी। पंचायत सभापति बुचान ने डायमंड हार्बर के सांसद एवं तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी कार्यालय को घटना की पूरी जानकारी दी। सांसद कार्यालय ने तुरंत जरूरी सहायता का भरोसा दिलाया और मामले पर लगातार नजर रखने की बात कही। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से नदी में जलस्तर असामान्य रूप से बढ़ा हुआ है। बार-बार होने वाले कटाव से दर्जनों घर खतरे में हैं। लोगों ने स्थायी कंक्रीट बांध बनाने और प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत की मांग की है। फिलहाल मरम्मत कार्य तेज गति से जारी है। प्रशासन ने ऐलान किया है कि खतरा पूरी तरह टलने तक निगरानी जारी रहेगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in