

जगदल : चार्ली रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध विदेशी शराब की बिक्री का खुलासा करते हुए जगदल थाने की पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से विभिन्न ब्रांड की बीयर और शराब की कुल 19 बोतलें बरामद की गयीं। पुलिस के अनुसार बुधवार की रात करीब 9:26 से 9:49 बजे के बीच मिली सूचना के आधार पर चार्ली रेस्टोरेंट में छापेमारी की गयी। इस दौरान राहुल राव (26), निवासी गारुलिया भवानी बाबा लेन और विश्वजीत पाल (35), निवासी इच्छापुर नवाबगंज को शराब की बिक्री करते पकड़ा गया। पुलिस ने लाइसेंस व बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया। मामले में जगदल थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।