'मौका देते तो संख्या 77 होती', ऋतब्रत का ममता खेमे पर तंज

बोले- कई विधायक आए, हमने दरवाजा बंद रखा
ऋतब्रत बनर्जी
ऋतब्रत बनर्जी
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी सियासी संघर्ष के बीच बागी गुट के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी अगुवाई वाले गुट के साथ जुड़ने के लिए ममता खेमे के कई और भी विधायक संपर्क कर चुके हैं, लेकिन पार्टी को और अस्थिर होने से बचाने के लिए उन्हें फिलहाल शामिल नहीं किया जा रहा है।

ऋतब्रत ने कहा, "कई विधायक हमारे दरवाजे पर दस्तक दे चुके हैं। यदि हम सभी को अवसर देते, तो हमारी संख्या 65 से 77 तक पहुंच जाती।" उन्होंने यह भी दावा किया कि मौजूदा परिस्थितियों में तृणमूल कांग्रेस के अधिकांश विधायक नेतृत्व परिवर्तन चाहते हैं और पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

इससे पहले कालीघाट खेमे के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने दावा किया था कि बागी गुट के भीतर भारी असंतोष है और कई विधायक अपने भविष्य को लेकर नए सिरे से विचार कर रहे हैं। उनके मुताबिक, बाहर से जितना मजबूत दिखाने की कोशिश की जा रही है, वास्तविकता में ऋतब्रत का खेमा उतना एकजुट नहीं है।

कुणाल के इस बयान पर विधानसभा में विपक्षी गुट के मुख्य सचेतक अखरुज्जमां ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके गुट ने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष अपने बहुमत का प्रमाण भी पेश कर दिया है और बागी खेमे को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। इन दावों और पलटवारों ने बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज कर दी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in