‘वादा करती हूं, मैं जीतूंगी’... कैंसर से जंग हार गई पायल, अशोकनगर में पसरा मातम

गुरुवार को अशोकनगर पहुंचा पायल का पार्थिव शरीर
  पायल हलदर
पायल हलदर
Published on

अशोकनगर : जिंदगी बचाने की उम्मीद में जिस बेटी के लिए पूरा अशोकनगर एकजुट हो गया था, आखिरकार वह उम्मीद मंगलवार रात टूट गई। दुर्लभ कैंसर से जूझ रही कॉलेज छात्रा पायल हलदार ने मुंबई के अस्पताल में दम तोड़ दिया। कुछ दिन पहले ही स्थानीय लोगों की आर्थिक मदद से उसे इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया था। गुरुवार को उसका पार्थिव शरीर अशोकनगर पहुंचा तो परिवार के साथ पूरा इलाका गम में डूब गया। अशोकनगर कल्याणगढ़ नगरपालिका के वार्ड नंबर 9 की निवासी पायल बाणीपीठ उच्च बालिका विद्यालय की छात्रा थीं। 11वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान चेहरे पर असामान्य सूजन के बाद जांच में उन्हें रैब्डोमायोसारकोमा नामक दुर्लभ कैंसर होने का पता चला। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्होंने उच्च माध्यमिक परीक्षा पास की। पत्रकार बनने का सपना लेकर उन्होंने नेताजी शतवार्षिकी महाविद्यालय में दाखिला लिया था। कुछ समय पहले बीमारी ने दोबारा गंभीर रूप ले लिया। चेहरे के साथ आंख और नाक भी प्रभावित हुए और पायल की बोलने की क्षमता तक चली गई। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा था, “वादा करती हूं, मैं जीतूंगी।” इलाज का खर्च जुटाने के लिए स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर आर्थिक सहायता एकत्र की। मुंबई में इलाज के दौरान मंगलवार रात पायल की मौत हो गई। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर कोलकाता लाया गया। पायल को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके कॉलेज की ओर से सेमिनार और फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in