

सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : हुगली ग्रामीण पुलिस के मगरा थाना ने समय रहते कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय ढुले उर्फ संजय (29), निवासी हारिट, दादपुर थाना क्षेत्र और रूपचंद मांडी (35), निवासी चांमपारुइ, मगरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, कारतूस, धारदार हथियार (भोजली) और एक बाइक बरामद कर जब्त की है।
डीएसपी क्राइम अभिजित सिन्हा महापात्र ने प्रेस मीट में बताया कि ठंड के मौसम और घने कोहरे के कारण मगरा थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की आशंका को लेकर लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। सूचना थी कि कुछ बदमाश कोहरे का फायदा उठाकर इलाके में छोटी-बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए इलाके में रेकी और गश्त तेज कर दी।
शनिवार देर रात डिग्सुई इलाके में एसआई अक्षय पाल और पार्थ बरुआ पुलिस बल के साथ नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान फुटबॉल मैदान के पास कुछ संदिग्ध गतिविधि नजर आई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और बाइक बरामद हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी किसी बड़ी डकैती की योजना बना रहे थे। इनके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे। आरोपी को रिमांड की अर्जी के साथ चुंचुड़ा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त निगरानी और अभियान जारी रहेगा।