50 साल बाद रोशनी से जगमगाया घर, एयरपोर्ट के साये में अंधेरे में गुजर रही थी जिंदगी

वर्षों के इंतजार के बाद मंडल परिवार के घर पहुंची रोशनी
वर्षों के इंतजार के बाद मंडल परिवार के घर पहुंची रोशनी
Published on

दमदम : एक ओर एयरपोर्ट की चमकती रोशनियां और दूसरी ओर महज कुछ किलोमीटर दूर अंधेरे में डूबा एक घर। उत्तर दमदम नगर पालिका के वार्ड नंबर 15 स्थित ग्लोब नर्सरी इलाके में रहने वाली 70 वर्षीय आरती मंडल का परिवार पिछले पांच दशक से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित था। कई बार आवेदन और गुहार लगाने के बावजूद उनके घर तक बिजली नहीं पहुंच सकी। परिवार का दावा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा विधायक सौरभ सिकदर उनके घर पहुंचे थे और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू हुई और आवेदन जमा होने के मात्र सात दिनों के भीतर घर में बिजली का कनेक्शन मिल गया। भावुक आरती मंडल ने कहा कि मेरे ससुरालवाले और पति दोनों अंधेरे में ही इस दुनिया से चले गए। मैंने कभी नहीं सोचा था कि अपने जीवन में घर में बिजली की रोशनी देख पाऊंगी। अब लगता है कि बाकी जिंदगी उजाले में कटेगी। उनकी पोती बृष्टि मंडल ने बताया कि उसने लैंप की रोशनी में पढ़ाई की है। उसने कहा कि कई जगह मदद मांगी, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। हमारे लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है। विधायक सौरभ सिकदर ने कहा कि एयरपोर्ट के इतने करीब किसी परिवार का 50 वर्षों तक बिना बिजली के रहना किसी भी व्यवस्था के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in