महंगाई की मार, गैस संकट की वजह से कई टिफिन सर्विस बंद

एयर फ्रायर से खाना बनाने को हुए मजबूर 900 रुपये में मिलने वाला गैस दोगुने या तीनगुने दाम में मिलने की शिकायत
महंगाई की मार, गैस संकट की वजह से कई टिफिन सर्विस बंद
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : शहर की रफ्तार जितनी तेज है, उतनी ही तेजी से यहां रोजगार के छोटे-छोटे साधन भी लोगों की जिंदगी का सहारा बने हुए हैं। इन्हीं में से एक 'टिफिन सर्विस' है। एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़े हुए दाम की वजह से उनका रोजगार गहरे संकट में आ गया है। इन दिनों एलपीजी गैस के दाम बढ़ जाने की वजह से कई टिफिन सर्विस वालों को मजबूरन अपना काम बंद करना पड़ा है। शहर में कई ऐसे लोग हैं, जाे पीजी, हॉस्टल और ऑफिसों में काम करने वाले कर्मचारियों को घर जैसा खाना उपलब्ध कराने के लिए टिफिन सर्विस चलाते हैं और उनकी आजीविका भी इसी पर टिकी हुई है। पहले 900 रुपये में मिलने वाला गैस सिलेंडर फिलहाल दोगुने-तीनगुने दामों में मिल रहा है। खाने की कीमत अब भी पहले जितनी ही है, जिस वजह से मुनाफा तो दूर, खर्च भी नहीं निकल रहा है। खासकर महिलाएं, जो घर से ही टिफिन सर्विस चलाकर आत्मनिर्भर बनी थीं, वे अब फिर से आर्थिक असुरक्षा की स्थिति में पहुंच गई हैं।

क्या कहा टिफिन सर्विस चलाने वाली महिला ने?

श्री गोपाल भोजनालय की ओनर आभा शर्मा ने बताया कि गैस के बढ़े हुए दाम की वजह से मजबूरन उन्हें अपना टिफिन सर्विस बंद करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि घर में भी वह एयर फ्रायर का इस्तेमाल करके खाना बना रही हैं। वह सालों से टिफिन सर्विस का काम करती हैं, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि इस काम को जारी रखना उनके लिए संभव नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि टिफिन की कीमत भी ज्यादा नहीं बढ़ायी जा सकती है, क्योंकि ज्यादातर ग्राहक छात्र और नौकरीपेशा लोग हैं, जिनका बजट तय होता है। हालांकि आने वाले दिनों में भी स्थिति ऐसी ही रही, तो खाने का रेट बढ़ाना पड़ेगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in