

कोलकाता : विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के दौरान रविवार को हावड़ा जिले के आमता में केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने भव्य बाइक रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान सुकांत मजूमदार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बैंक फ्रॉड के बढ़ते मामलों का मुद्दा उठाया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय-समय पर अपना KYC अपडेट करते रहें, ताकि ठगी से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने केरल के एक युवा द्वारा अंगदान किए जाने का उल्लेख करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। राजनीतिक सवालों पर बोलते हुए सुकांत मजूमदार ने पूर्व उम्मीदवार प्रतिक-उर-रहमान के तृणमूल में शामिल होने पर कहा कि इस पर चर्चा करने जैसा कोई मुद्दा नहीं है। वह न तो कोई विधायक हैं, न सांसद और न ही कोई वैज्ञानिक। वह पहले सीपीएम में थे और अब तृणमूल में चले गए हैं। आगे भी सीपीएम के कई लोग तृणमूल में जाएंगे, जितने भी सीपीएम के मुस्लिम कार्यकर्ता हैं, वे सभी तृणमूल में शामिल हो जाएंगे। इधर, सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में आमता विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल के सौ से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वहीं चुनाव प्रचार के बीच मजूमदार दीवार लेखन करते हुए भी नजर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर बूथ पर दीवार लेखन अभियान शुरू कर दिया है।