

उत्तर 24 परगना : उत्तर 24 परगना जिले की गोबरडांगा नगर पालिका का बोर्ड चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और 14 तृणमूल कांग्रेस पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे के बाद भंग हो गया। सोमवार को चेयरमैन शंकर दत्त सहित 10 पार्षदों ने कार्यकारी अधिकारी (एग्जीक्यूटिव ऑफिसर) को अपना इस्तीफा सौंपा, जबकि चार अन्य पार्षद पहले ही शुक्रवार को पद छोड़ चुके थे। कुल 17 वार्डों वाली इस नगर पालिका में 16 वार्ड तृणमूल कांग्रेस के पास थे, जबकि एक वार्ड में वामपंथी पार्षद हैं। फिलहाल वार्ड संख्या 6 और 13 के तृणमूल पार्षदों ने इस्तीफा नहीं दिया है, हालांकि उनके भी जल्द पद छोड़ने की संभावना जताई जा रही है। इस्तीफा देने के बाद शंकर दत्त ने कहा कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को जनादेश नहीं मिलने के कारण नगर पालिका का सुचारु संचालन और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देना मुश्किल हो रहा था। उन्होंने अपनी खराब स्वास्थ्य स्थिति का भी हवाला देते हुए पद छोड़ने का फैसला लिया। इस्तीफे के साथ उन्होंने गोबरडांगा की जनता का वर्षों तक सहयोग और सेवा का अवसर देने के लिए आभार भी व्यक्त किया।