हल्दिया से बीरभूम तक : मोदी ने उठाये घुसपैठ से लेकर कानून-व्यवस्था के मुद्दे

हल्दिया, आसनसोल और बीरभूम में आयोजित इन जनसभाओं में उन्होंने तृणमूल सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए राज्य में “परिवर्तन” की आवश्यकता पर जोर दिया।
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
Published on

हल्दिया/आसनसोल/बीरभूम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में लगातार तीन चुनावी रैलियों के जरिए सियासी तापमान को चरम पर पहुंचा दिया। हल्दिया, आसनसोल और बीरभूम में आयोजित इन जनसभाओं में उन्होंने तृणमूल सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए राज्य में “परिवर्तन” की आवश्यकता पर जोर दिया। मोदी ने विकास, कानून-व्यवस्था, उद्योग और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों को उठाते हुए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की।

हल्दिया की रैली में प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर राज्य को विकास की दौड़ में पीछे धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल में मछली की भारी मांग होने के बावजूद राज्य आत्मनिर्भर नहीं बन पाया और अन्य राज्यों से मछली आयात करनी पड़ रही है। मोदी ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल को मत्स्य पालन और समुद्री खाद्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने मछुआरों के लिए अलग मंत्रालय बनाकर रिकॉर्ड बजट दिया है। साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने देखा है कि इस बार बंगाल की जनता ने हर विपरीत परिस्थिति को पराजित करने का संकल्प ले लिया है। भारतीय जनता पार्टी की जीत का उत्साह और उमंग साफ दिखाई दे रहा है। यह परिवर्तन की आंधी है और तृणमूल कांग्रेस की निर्मम सरकार के जाने का संकेत है। उन्होंने कहा कि मिदनापुर और नंदीग्राम ने 5 साल पहले बदलाव की राह दिखाई थी। अब पूरा पश्चिम बंगाल उसी परिवर्तन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जो कमाल 5 साल पहले नंदीग्राम में हुआ था, इस बार वही हाल भवानीपुर में भी होने जा रहा है, यह पूरे बंगाल में देखने को मिलेगा।

हल्दिया से पीएम ने बंगाल को दीं 6 गारंटियां

1. गुंडागर्दी खत्म, कानून का राज : टीएमसी ने जो डर और आतंक फैला रखा है, बीजेपी उसे खत्म करेगी और राज्य में कानून का भरोसा वापस लाएगी।

2. सेवा के लिए जवाबदेही : सरकारी सिस्टम को ऐसा बनाया जाएगा कि वह जनता की सेवा के लिए पूरी तरह जिम्मेदार हो और लोगों के काम बिना रुकावट के हो सके।

3. खुलेगी हर फाइल : हर स्कैम, हर करप्शन, हमारी बेटियों के साथ हुए हर अन्याय और रेप के हर केस की फाइलें फिर से खोली जाएंगी।

4. भ्रष्टाचारी जाएंगे जेल : तृणमूल के राज में जिसने भी करप्शन किया है, वह जेल में है। चाहे वह मंत्री हो या चौकीदार, कानून सबसे हिसाब लेगा। तृणमूल का कोई भी गुंडा अब कानून से बच नहीं पाएगा।

5 घुसपैठियों की विदाई : भारत की जमीन पर अवैध घुसपैठियों को रहने की इजाजत कतई नहीं दी जाएगी। उन पर सख्त कार्रवाई होगी।

6. सरकारी कर्मचारियों को तोहफा : मोदी और बीजेपी हर सरकारी कर्मचारी के साथ खड़े हैं। बंगाल में बीजेपी सरकार बनते ही 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।

आसनसोल की रैली में प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस के “पाप का घड़ा भर जाने” की बात कहते हुए सत्ता परिवर्तन को अपरिहार्य बताया। उन्होंने राज्य की अर्थव्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय जीडीपी में बंगाल का योगदान 12 प्रतिशत से घटकर करीब 5 प्रतिशत रह गया है। मोदी ने आरोप लगाया कि आसनसोल में सिंडिकेट राज, कोयला और रेत माफिया का दबदबा है, जिससे निवेश प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने आसनसोल में उद्योगों के पुनरुद्धार के लिए 45,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और भाजपा की सरकार बनने पर यह क्षेत्र फिर से औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा। महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में अपराध बढ़े हैं और केवल भाजपा ही सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।

बीरभूम की रैली में प्रधानमंत्री ने सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने 2022 के बगतुई कांड का जिक्र करते हुए राज्य में “महाजंगल राज” होने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि टीएमसी का ‘मां-माटी-मानुष’ का नारा अब सिर्फ एक दिखावा बनकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कुटीर उद्योगों के बजाय अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी शासन के दौरान घुसपैठियों द्वारा भूमि हड़पने का सिलसिला खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। घुसपैठिए कम वेतन पर काम लेकर स्थानीय लोगों की नौकरियां छीन रहे हैं। भाजपा के बंगाल में सत्ता में आने के बाद इन्हें निर्वासित कर दिया जाएगा और इनके सहयोगियों को जेल भेजा जाएगा। मोदी ने टीएमसी पर आदिवासियों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने दलित समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली राष्ट्रपति को भी नहीं बख्शा है। टीएमसी पर मनरेगा कोष की चोरी का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों से भाजपा को चुनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हम बंगाल में ‘वीबी-जी राम जी’ योजना लागू करेंगे और लाभार्थियों के खातों में सीधे धन हस्तांतरित करेंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in