तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर खंभे और दीवार से टकराई बाइक
रानाघाट : नदिया जिले के रानाघाट थाना इलाके के मासुंडा इलाके में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। हादसे के वक्त चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, बलागढ़ घाट से घर लौटने के दौरान मासुंडा के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई और इसके बाद पास की दीवार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान सबुज विश्वास, प्रताप प्रमाणिक, अमित विश्वास और सोमेन हलदार के रूप में हुई है। सभी मृतक रानाघाट के मासुंडा इलाके के रहने वाले थे और उनकी उम्र 30 वर्ष से कम बताई जा रही है। मृतक प्रताप प्रमाणिक के चाचा विश्वजीत विश्वास ने बताया कि चारों युवक एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रानाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और एक ही बाइक पर चार लोगों के सवार होने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।