डकैती की साजिश रच रहे चार युवक हथियारों के साथ गिरफ्तार

खड़दह के एमजी रोड से पुलिस ने दबोचा
डकैती की साजिश रच रहे चार युवक हथियारों के साथ गिरफ्तार
Published on

खड़दह : आधी रात सुनसान सड़क पर हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे चार युवकों को खड़दह थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हंसुआ, चॉपड़, लोहे का साबल और हैकसॉ ब्लेड बरामद किये गये हैं। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालू मोल्ला (21), नूर हकीम मोल्ला (21), मुनारुल ले (22) और राजा शेख (18) के रूप में हुई है। पुलिस को सोमवार की देर रात करीब 12:25 बजे एमजी रोड स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवकों के संदिग्ध रूप से जमा होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर चार को पकड़ लिया, जबकि उनके कुछ साथी मौके से निकल भागे। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किये जा सकने वाले धारदार हथियार और लोहे के औजार मिले। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि सभी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। मामले में खड़दह थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस फरार साथियों की पहचान और प्रस्तावित वारदात की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in