

सिलीगुड़ी :डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले भक्तिनगर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से हथौड़ा, हैकसॉ ब्लेड, लोहे का चाकू और धातु की टॉर्च भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात करीब 12:35 बजे विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि भक्तिनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 43 स्थित नवनिर्मित महानंदा ब्रिज के पास कुछ लोग संदिग्ध रूप से एकत्र हुए हैं और कथित तौर पर डकैती की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाने की पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित शेरपा उर्फ गाडू (31), लखन राउथ (27), हारेन दास (21) और अशोक सहानी (26) के रूप में हुई है। सभी भक्तिनगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक हथौड़ा, एक हैकसॉ ब्लेड, एक छोटा लोहे का चाकू और एक धातु की टॉर्च जब्त की। पुलिस को आशंका है कि इन सामानों का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया जाना था।पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपितों की किसी अन्य आपराधिक घटना में संलिप्तता है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।