

नैहाटी : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह नैहाटी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन एवं तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चट्टोपाध्याय को नैहाटी थाना पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ वर्ष 2025 में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, घरों में तोड़फोड़, महिलाओं से छेड़छाड़, दंगा भड़काने की कोशिश समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। कुछ दिन पहले पुलिस उनके बेटे को भी गिरफ्तार कर चुकी है। जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव के बाद नैहाटी नगरपालिका में प्रशासनिक गतिविधियां प्रभावित हो गई थीं। तत्कालीन चेयरमैन अशोक चट्टोपाध्याय सहित कई पार्षदों ने कार्यालय जाना बंद कर दिया था, जिससे नगरपालिका का कामकाज ठप पड़ गया था। बाद में उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया। पुलिस के अनुसार, दर्ज मामलों की जांच के आधार पर बुधवार सुबह उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद अशोक चट्टोपाध्याय को बैरकपुर अदालत में पेश किया गया, जहां जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने अदालत से 10 दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की। मामले की जांच जारी है।