

मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए लोकेशन खंगाल रही पुलिस
पानीहाटी : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में रंगदारी, भ्रष्टाचार और अवैध हथियार के बल पर धमकी देकर वसूली जैसे गंभीर आरोपों का सामना कर रहे पानीहाटी के पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष और उनके बेटे तीर्थंकर घोष पुलिस की पहुंच से बाहर बताए जा रहे हैं। दोनों की तलाश में खड़दह थाना पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार से ही निर्मल घोष अपने आवास पर नहीं हैं। इससे पहले तीर्थंकर घोष के भी फरार होने की बात सामने आ चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए पिता-पुत्र ने छीपे हुए है। यह मामला उस समय सामने आया जब खड़दह थाना पुलिस ने एक बार मालिक सुशांत सरकार को रंगदारी वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया गया। पूछताछ के दौरान सुशांत ने कथित रूप से निर्मल घोष और तीर्थंकर घोष के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस उनके मोबाइल फोन की लोकेशन भी ट्रैक कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पहले से भी कई शिकायतें दर्ज हैं। मालूम हो कि निर्मल घोष का नाम पहले भी चर्चित आर.जी. कर अस्पताल हत्या मामले में सामने आ चुका है। उन पर अभया के शव के जल्द दाह-संस्कार की प्रक्रिया में कथित भूमिका निभाने का आरोप लगा था, जिसकी जांच जारी है।