

बनगांव : उत्तर 24 परगना के बनगांव में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने कई होटल-रेस्तरां में औचक जांच की। इस दौरान बासी मांस, एक्सपायर्ड ब्रेड क्रम्ब्स और संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने का दावा किया गया। टीम ने नमूने संग्रह कर संबंधित प्रबंधन को खराब सामग्री हटाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने सबसे पहले रसोई और खाद्य भंडारण की व्यवस्था देखी। ग्राहकों को पानी देने वाली बोतलें ड्रेन के पास रखी मिलने पर भी आपत्ति जताई गई। एक जगह मांस की गुणवत्ता पर संदेह होने पर प्रबंधन से पूछताछ की गई। जांच के दौरान एक्सपायर्ड ब्रेड क्रम्ब्स भी मिले। अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को ऐसी सामग्री इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी। इसी बीच मटन बिरयानी लेने पहुंचे एक ग्राहक को भी अधिकारियों ने भोजन नहीं लेने की सलाह दी, जिसके बाद वह बिना खाना लिए लौट गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न सामग्रियों के नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे हैं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जा सकती है।