पानीहाटी में ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाके के बाद लगी आग

नौ दमकल इंजनों ने संभाला मोर्चा
पानीहाटी में ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाके के बाद लगी आग
Published on

पानीहाटी : पानीहाटी के बंगाल केमिकल इलाके में रविवार दोपहर एक ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाके के बाद आग लग गयी। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पास के फुटपाथ पर स्थित करीब आठ दुकानों और झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और लोगों में अफरातफरी मच गयी।स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर में ट्रांसफॉर्मर से अचानक तेज आवाज हुई और इसके तुरंत बाद आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही खड़दह थाने की पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए पहले चार दमकल इंजन लगाये गये। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बाद में पांच और इंजन मौके पर बुलाये गये। वहीं ट्रांसफॉर्मर हाउस का मुख्य गेट बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को भीतर पहुंचने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद पुलिस की ओर से जेसीबी मंगाकर गेट तोड़ा गया। रास्ता खुलने के बाद दमकलकर्मी अंदर दाखिल हुए और फोम व पानी की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आसपास की दुकानों और झोपड़ियों पर भी पानी का छिड़काव कर आग को फैलने से रोका गया। राहत और बचाव कार्य के दौरान डनलप-बैरकपुर मार्ग के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त अमित कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने खड़दह थाने की पुलिस और दमकल अधिकारियों से घटना की जानकारी लेने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी के हताहत होने की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि, शुरुआत में स्थानीय भाजपा नेता दीपक हलदर ने कुछ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी दी थी। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जानकारी उन्हें घटनास्थल पर मौजूद लोगों से मिली थी। उनके अनुसार, एक-दो लोगों को मामूली चोटें आयी हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग ने भी किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in