छात्र को डांटने पर भड़का पिता, स्कूल में घुसकर शिक्षक को बेल्ट से पीटा

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

बनगांव : उत्तर 24 परगना जिले के गोपालनगर थाना इलाके के हरिपद इंस्टीट्यूशन में छात्र को डांटने पर शिक्षक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र के पिता ने स्कूल में घुसकर शिक्षक और प्रधान शिक्षक के साथ बेल्ट से मारपीट की। घटना के बाद स्कूल के शिक्षक-कर्मचारियों में भय का माहौल है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिभावक देवव्रत दास को हिरासत में लिया है। स्कूल सूत्रों के अनुसार, सोमवार को कक्षा 11 के छात्रों का रजिस्ट्रेशन चल रहा था। बंगला शिक्षक अरुण दास कक्षा में रजिस्ट्रेशन का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्र कथित तौर पर हंगामा कर रहे थे। बार-बार मना करने के बावजूद शोर नहीं थमने पर शिक्षक ने कुछ छात्रों को डांटकर अनुशासन में रहने की हिदायत दी। इसके बाद एक छात्र ने अपने पिता देवव्रत दास को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि स्कूल पहुंचने के बाद देवव्रत ने पहले शिक्षक से छात्र को डांटने का कारण पूछा और फिर प्रधान शिक्षक के कमरे में जाकर हंगामा किया। देखते ही देखते उन्होंने कमर से बेल्ट निकालकर शिक्षक अरुण दास पर हमला कर दिया। प्रधान शिक्षक ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोप है कि उन्हें भी चोट लगी। शोर सुनकर अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और किसी तरह आरोपी को रोककर स्थिति संभाली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। अरुण दास ने बताया कि छात्रों के अनुशासनहीन व्यवहार के कारण उन्होंने कुछ छात्रों को डांटा था। इसी बात से नाराज होकर छात्र के पिता स्कूल पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उन पर बेल्ट से हमला कर दिया। बीच बचाव की कोशिश में प्रधान शिक्षक को भी चोट लगी है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in