

बशीरहाट : बशीरहाट के मटिया थाना अंतर्गत खोलापोता इलाके में पुलिस ने जाली नोटों के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। शनिवार की रात विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने लगभग 33 लाख 56 हजार 300 रुपये के नकली नोट बरामद किए। इस सिलसिले में एक व्यक्ति शेख अब्दुल करीम उर्फ राजा को गिरफ्तार किया गया है, जो पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर मटिया थाना प्रभारी मलय मंडल के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान आरोपी के घर से 2000, 500 और 200 रुपये के नकली नोट बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस को ऐसे सफेद कागज भी मिले हैं जो आकार में असली नोटों जैसे हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी इन कागजों पर नोट छापकर बाजार में नकली करेंसी फैलाने की योजना बना रहा था। बदुरिया एसडीपीओ राहुल मिश्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति के पास से बड़ी मात्रा में नकली भारतीय मुद्रा मिली है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि आरोपी शेख अब्दुल करीम के खिलाफ पहले भी चोरी और डकैती जैसे संगीन मामलों में कई शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी के इस अवैध कारोबार का कोई संबंध बांग्लादेश से है क्योंकि सीमा पार से नकली नोटों की तस्करी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल, इस पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाने में जुटी है।