निमता में जिंदा जलकर बुजुर्ग दंपति की मौत

एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दमकल ने एक घंटे में पाया काबू

निमता : निमता थाना इलाके में गुरुवार को तड़के एक मकान में भीषण आग लगने से बुजुर्ग दंपति की दर्दनाक मौत हो गयी। हादसे में वृद्धा बिस्तर पर ही जिंदा जल गयी, जबकि आग की चपेट से बचने के लिए बाहर निकल रहे वृद्ध ने दरवाजे के पास दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में एसी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। मृतकों की पहचान ननीगोपाल दास और तृप्ति दास के रूप में हुई है। दोनों निमता स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे। उनकी बेटी की वर्ष 2021 में कैंसर से मौत हो चुकी थी, जबकि बेटा नागपुर में रहता है। पास में ही रहने वाला उनका भतीजा नियमित रूप से दोनों की देखभाल करता था। गुरुवार की सुबह भतीजे ने मकान से धुआं निकलते देखा। वह तुरंत मौके पर पहुंचा और घर में आग लगी देखकर उसने पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग को खबर दी गयी। दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद दूसरी मंजिल के कमरे से तृप्ति का शव बिस्तर पर मिला। वहीं, ननीगोपाल का शव कमरे के दरवाजे के पास पड़ा था। आशंका है कि आग से बचने के लिए बाहर निकलते समय वह बेहोश होकर गिर गये और झुलसने से उनकी मौत हो गयी। सूचना मिलने पर निमता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in