झारग्राम में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई पुलिस की दुर्गा स्क्वाड

झारग्राम में दुर्गा स्क्वाड को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया जा रहा
झारग्राम में दुर्गा स्क्वाड को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया जा रहा
Published on: 

राजेश, सन्मार्ग संवाददाता

झारग्राम : जिला पुलिस ने महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा के लिए एक खास पहल की है। दुर्गा पूजा से पहले, जिले के अलग-अलग हिस्सों में महिलाओं को अतिरिक्त सुरक्षा देने के लिए 'दुर्गा स्क्वाड' शुरू किया गया है। राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया यह पूरी तरह से महिला पुलिस बल मुख्य रूप से सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अपराध रोकने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए काम करेगा।

इस स्क्वाड का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन झारग्राम की जिला मजिस्ट्रेट आकांक्षा भास्कर, पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला, पशु संसाधन और मत्स्य पालन राज्य मंत्री राजेश महतो, कृषि राज्य मंत्री अमिय किस्कू, विधायक लक्ष्मीकांत साव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) संदीप सेन, झारग्राम थाने के आईसी उदय शंकर घोष के अलावा पुलिस और प्रशासन के अधिकारी की मौजूदगी में किया गया। झंडा लहराकर 'दुर्गा स्क्वाड' को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। जिला पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह स्क्वॉड कुल 12 बाइक और 2 फोर-व्हीलर से जिले के अलग-अलग थाना इलाके में गस्त करेगा। इसमें कुल 30 महिला कांस्टेबल होंगी। वे ग्रामीण इलाकों से लेकर स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, छात्रावास, बाजार, ग्रामीण बाजार और बस स्टॉप तक नियमित रूट मार्च करेंगी। सिर्फ पेट्रोलिंग ही नहीं, महिला पुलिसकर्मी सड़क पर या बाजार में चल रही महिलाओं से बात भी करेंगी और उनसे पूछेंगी कि उन्हें कोई दिक्कत या शिकायत तो नहीं है। अगर कोई शिकायत या समस्या सामने आती है, तो संबंधित पुलिस थाने के साथ मिलकर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। झारग्राम जिले में कुल 9 थाना, दो पुलिस आउटपोस्ट, एक बीट हाउस और एक महिला पुलिस थाना हैं। 'दुर्गा स्क्वॉड' जिले के इन सभी इलाकों में काम करेगा। जिला पुलिस ने बताया कि इस पहल का मकसद महिलाओं, खासकर पुलिस पर भरोसा बढ़ाना है, ताकि वे बिना डरे अपनी समस्याएं बता सकें। उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने कहा, "दुर्गा स्क्वाड का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकना है। वे सभी पुलिस स्टेशनों, स्कूलों, बाजारों और बस स्टॉप पर घूमेंगे। इससे पुलिस सेवाओं में वृद्धि होगी और महिलाओं का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। जैसे ही सूचना मिलेगी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।" झारग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साव ने कहा, "हमें झारग्राम में दुर्गा स्क्वाड मिल गया है। इससे महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ेगी। पुलिस और प्रशासन का धन्यवाद। महिलाएं हमारी दुर्गा हैं। हम उनके साथ बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ेंगे। हमें ऐसा माहौल बनाना होगा ताकि वे रात में भी निडर होकर अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।" जिला मजिस्ट्रेट आकांक्षा भास्कर ने कहा, "सशक्तिकरण में मुख्य बात सुरक्षा है। मैं इस साहसी पहल के लिए बधाई देती हूं। हम अकेले नहीं हैं, दस भुजाओं वाली दुर्गा हमारे साथ है। सफलता केवल केस का हल होना नहीं है, यह भी महत्वपूर्ण है कि महिलाएं अपने डर को दूर करें और अपनी समस्याएं पुलिस को बताएं। ज़िला पुलिस का दावा है कि यह 'दुर्गा स्क्वॉड' त्योहारों के मौसम में महिलाओं की सुरक्षा को मज़बूत करने के साथ-साथ पूरे साल महिलाओं के साथ पुलिस का सीधा संपर्क बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in