दुर्गा पूजा की खरीदारी पर बारिश ने लगाया ब्रेक

त्योहारी सीजन में कारोबार पर पड़ा असर, दुकानदारों की चिंता बढ़ी बारिश ने बहाई पूजा की रौनक, पसरा रहा सन्नाटा न्यू मार्केट इलाके में शाम को दिखी चहल पहल
दुर्गा पूजा की खरीदारी पर बारिश ने लगाया ब्रेक
Published on

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने दुर्गा पूजा की तैयारियों और त्योहार के बाजार पर बड़ा असर डाला। जहां आमतौर पर पूजा से पहले बाजारों में भारी भीड़ और रौनक होती है, वहीं मंगलवार को कोलकाता के प्रमुख बाजारों जैसे राम मंदिर, बड़ाबाजार, गरियाहाट और न्यू मार्केट में सन्नाटा पसरा रहा। जलजमाव के चलते कई दुकानों को मजबूरन बंद रखना पड़ा। खासतौर पर बड़ाबाजार, जो त्योहार के दौरान खरीदारी का प्रमुख केंद्र होता है, वहां मंगलवार को एक भीड़भाड़ वाला कोना तक सूना नजर आया। राम मंदिर के पास खाने-पीने की दुकानें और अन्य सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। न्यू मार्केट क्षेत्र में शाम को कुछ ग्राहकों की हल्की चहल-पहल जरूर देखी गई, लेकिन वह सामान्य दिनों की तुलना में बहुत कम रही।

दुकानों में घुटनों तक जमा पानी

बारिश इतनी तेज थी कि कई दुकानों और रास्तों में घुटनों तक पानी भर गया। दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने त्योहार के लिए जो स्टॉक मंगवाया था, वह पानी में भीग कर खराब हो गया है। कई दुकानदार अपनी दुकानों पर सिर्फ यह देखने पहुंचे कि उनका सामान सुरक्षित है या नहीं। बिक्री की जगह नुकसान का आकलन किया गया। एमजी मेट्रो के पास चाय की दुकान चलाने वाले धर्मेंद्र यादव ने कहा, “बारिश की संभावना थी, लेकिन इतनी ज्यादा बारिश होगी, इसका अंदाजा नहीं था। दुकान में पानी घुस गया है और काफी सामान खराब हो गया। बारिश ने पूजा से पहले व्यापारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in