नदिया में स्वतंत्रता दिवस की रात डबल मर्डर, कांग्रेस नेता और बेटे की गोली मारकर हत्या

तृणमूल नेता पर साजिश का आरोप
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

कार रोककर पिता-पुत्र पर फायरिंग के बाद धारदार हथियार से हमला

तृणमूल नेता की पत्नी समेत 3 गिरफ्तार

नदिया : स्वतंत्रता दिवस की रात नदिया के नकाशीपाड़ा में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबु सूफियान की हत्या ने पूरे इलाके को हिला दिया। कार रोककर पहले दोनों पर गोलियां बरसाने और फिर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। वारदात के बाद मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। मृतकों के परिवार ने स्थानीय तृणमूल नेता व हरनगर पंचायत के प्रधान जुब्बार शेख और उसके समर्थकों पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुब्बार की पत्नी फातिमा बीबी और उसके करीबी बताए जा रहे साहेब अली मंडल व मिथुन शेख को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

कार रोककर पिता-पुत्र पर हमला

घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अनीसुर अपने बेटे के साथ कार से घर लौट रहे थे तभी रास्ते में बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोककर अंधाधुंध फायरिंग की। इसके बाद कार का गेट खोलकर दोनों पर धारदार हथियारों से हमला किया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही नकाशीपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

कांग्रेस नेता थे अनीसुर

अनीसुर रहमान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव और नकाशीपाड़ा ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वह पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी के करीबी माने जाते थे। उनका बेटा अबु सूफियान भी कांग्रेस से जुड़ा था और कल्याणी में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था।

तृणमूल नेता पर हत्या का आरोप

दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के परिवार ने हरनगर पंचायत के तृणमूल प्रधान जुब्बार शेख और उसके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि राजनीतिक रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। उनका कहना है कि जुब्बार शेख फिलहाल जेल में है, लेकिन उसके करीबी लोग वारदात को अंजाम दे सकते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस गिरफ्तार फातिमा बीबी और साहेब से पूछताछ कर कथित साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश थी या कोई अन्य विवाद।

सुपारी किलिंग की भी जांच

वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं पेशेवर शूटरों के जरिए हत्या तो नहीं कराई गई। हमलावरों की पहचान, इस्तेमाल किए गए हथियार, वाहन और वारदात में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए छापेमारी की जा रही है। रविवार सुबह दोनों शवों को कृष्णानगर के शक्तिनगर अस्पताल लाया गया। परिवार ने फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया एक ही स्थान पर कराने की मांग की है।

कांग्रेस ने बुलाया ‘ब्लैक डे’

घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को राज्यव्यापी ‘ब्लैक डे’ मनाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि विपक्ष और अल्पसंख्यकों की आवाज दबाने के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। अधीर रंजन चौधरी ने भी सोशल मीडिया के जरिए घटना की कड़ी निंदा की और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in