

उत्तर 24 परगना : जिले की कई नगर पालिकाओं में पार्षदों के सामूहिक इस्तीफों के बाद उत्तर 24 परगना जिला प्रशासन ने 25 नगर पालिकाओं के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। जिला मजिस्ट्रेट शिल्पा गौरीसरिया के निर्देश पर प्रत्येक नगर पालिका में तीन सदस्यीय मॉनिटरिंग कमेटी गठित की जायेगी, जिसका उद्देश्य विकास कार्यों, नागरिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावित होने से बचाना है। शुक्रवार को जारी निर्देश के अनुसार, प्रत्येक कमेटी में एक जिला स्तरीय अधिकारी, संबंधित नगर पालिका के कार्यपालक अधिकारी और वित्त अधिकारी शामिल होंगे। यह कमेटी विकास परियोजनाओं की प्रगति, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सेवाओं, कचरा प्रबंधन, डेंगू नियंत्रण, अवैध निर्माण रोकने और सरकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करेगी। कमेटियों को प्रशासनिक समस्याओं की पहचान कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें भी की जा सकेंगी। जिला मजिस्ट्रेट शिल्पा गौरीसरिया ने कहा कि यह व्यवस्था मुख्य रूप से निगरानी और सहयोग के लिए की गई है, ताकि नगर प्रशासन का कामकाज सुचारु रूप से चलता रहे। प्रशासनिक हलकों में इस कदम को मौजूदा परिस्थितियों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।