हिंगलगंज दुष्कर्म-हत्या मामले में नए सिरे से जांच की मांग, विधायक रेखा पात्र से मिली पीड़िता की मां

विधायक रेखा पात्र ने हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
रेखा पात्र
रेखा पात्र
Published on

उत्तर 24 परगना : बारुईपुर की नाबालिग दुष्कर्म-हत्या मामले में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बीच उत्तर 24 परगना के हिंगलगंज की एक पीड़िता की मां को भी न्याय की नई उम्मीद जगी है। वर्ष 2021 में अपनी बेटी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में अब तक दोषियों को सजा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने भाजपा विधायक रेखा पात्र से मुलाकात कर मामले की दोबारा जांच और शीघ्र न्याय की मांग की है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में हिंगलगंज के गोविंदकाटी इलाके में यह सनसनीखेज वारदात हुई थी। आरोप है कि पति से अलग होने के बाद युवती अपने बच्चे के साथ मायके में रह रही थी। आर्थिक तंगी के कारण उसने स्थानीय एक घर में घरेलू सहायिका का काम शुरू किया था। 6 जनवरी की शाम उसे काम के बहाने बुलाया गया, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। छह दिन बाद उसका शव भूसे के ढेर से बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई थी। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए उसके चेहरे पर एसिड भी डाला गया था। आर्थिक तंगी के कारण परिवार लंबे समय तक कानूनी लड़ाई नहीं लड़ सका, जिससे मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला गया। हाल ही में बारुईपुर दुष्कर्म-हत्या मामले में प्रशासन की तेज कार्रवाई देखने के बाद पीड़िता की मां ने एक बार फिर न्याय की उम्मीद के साथ शुक्रवार को हिंगलगंज की भाजपा विधायक रेखा पात्र से मुलाकात की। उन्होंने मामले की नए सिरे से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। रेखा पात्र ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। आवश्यकता पड़ने पर मामले को राज्य के उच्च प्रशासनिक स्तर तक ले जाया जाएगा तथा मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया जाएगा, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। पीड़िता की मां का कहना है कि राज्य के अन्य मामलों में त्वरित जांच और सजा देखने को मिल रही है, लेकिन उनकी बेटी के मामले में आज तक न्याय नहीं मिला। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष पुनः जांच कर वास्तविक आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in