दिनमजदूर की लगी करोड़ों की लॉटरी, रातोंरात बदली किस्मत

दिनमजदूर की लगी करोड़ों की लॉटरी, रातोंरात बदली किस्मत
Published on

बागदा : पेशे से दिनमजदूर, घर में आर्थिक तंगी, लेकिन आंखों में बेहतर भविष्य के सपने। इसी उम्मीद के साथ कभी-कभार लॉटरी का टिकट खरीदने वाले बागदा के प्रभात पाल की किस्मत आखिरकार बदल गई। खर्द कुलबेरिया इलाके के रहने वाले प्रभात ने लॉटरी का पहला पुरस्कार जीतकर एक करोड़ रुपये अपने नाम कर लिए। प्रभात ने बताया कि अन्य दिनों की तरह उन्होंने हेलेंचा से अपनी किस्मत आजमाने के लिए लॉटरी का टिकट खरीदा था। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि यही टिकट उनकी जिंदगी का रुख बदल देगा। शाम करीब छह बजे लॉटरी का परिणाम घोषित होने के बाद जब उन्होंने अपना टिकट मिलाया, तो एक करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार उनके नाम निकला।नतीजा सामने आते ही प्रभात की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि, इतनी बड़ी रकम जीतने की खबर से वह कुछ घबरा भी गए। उन्होंने टिकट को सुरक्षित रखने के लिए उसे मजबूती से अपने हाथ में पकड़े रखा। प्रभात के मुताबिक, परिवार के लोग उन्हें अक्सर लॉटरी का टिकट खरीदने से मना करते थे। लेकिन उनके मन में हमेशा यह उम्मीद रहती थी कि अगर कभी बड़ी रकम हाथ लगी, तो उससे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर कर सकेंगे।प्रभात के करोड़पति बनने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी पत्नी ने बताया कि लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयों के बीच परिवार चल रहा था। ऐसे में एक करोड़ रुपये की यह रकम उनके लिए बड़ी राहत लेकर आई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in