

खड़दह : खड़दह थाना क्षेत्र में डकैती की साजिश को अंजाम देने से पहले पुलिस ने चार युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लोहे का साबल, चॉपड़, हंसुआ और आरी का ब्लेड बरामद किया है। वहीं, मौके पर मौजूद करीब 10-12 संदिग्ध अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, सोमवार की देर रात करीब 12:25 बजे सूचना मिली कि पिचकल मोड़ के चौधरीपाड़ा स्थित काशीराम एथलेटिक क्लब के पास कुछ लोग हथियार लेकर जमा हुए हैं और किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बाद पुलिस टीम को रवाना किया गया। करीब 1:25 बजे पुलिसकर्मी वाहन कुछ दूरी पर खड़ा कर पैदल मौके तक पहुंचे। वहां अंधेरे में करीब 14-16 लोगों को एक साथ खड़े होकर धीमी आवाज में बातचीत करते देखा गया। पुलिस ने घेराबंदी शुरू की तो मौजूद लोगों को इसकी भनक लग गई और वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर चार लोगों को दबोच लिया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद ताजमुल (18), राजू कुशवाहा उर्फ बंटी (29), विश्वजीत चौधरी उर्फ राज (28) और मुन्ना भगत उर्फ प्रसाद (31) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार हथियार और अन्य सामान मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। घटना को लेकर खड़दह थाने में मामला दर्ज किया गया है। फरार संदिग्धों की तलाश में पुलिस अभियान चला रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और इस पूरी साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।