पत्नी को कभी बेटी तो कभी भतीजी बताकर कराता था शादी, ठगी के आरोप में दंपती गिरफ्तार

सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

उत्तर 24 परगना : शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला देगंगा के कलसुर इलाके से सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी को कभी बेटी तो कभी भतीजी बताकर अलग-अलग युवकों से उसकी शादी करवाता था। इसके बाद दूल्हे के परिवार से मोटी रकम, नकदी और सोने के गहने ऐंठे जाते थे। मामले का खुलासा एक युवक से शादी कराने के बाद हुआ। शिकायत के आधार पर देगंगा थाना पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कलसुर निवासी एक अविवाहित युवक ने शादी के लिए घटक के जरिए दुल्हन की तलाश की थी। तस्वीर पसंद आने के बाद दोनों की मंदिर में शादी हुई। विवाह के दौरान आरोपी महिला के पति ने खुद को उसका चाचा बताया और कन्यादान की रस्म भी निभाई। शादी की रस्में पूरी होने के बाद नवविवाहित जोड़ा घर लौट गया। हालांकि, शादी के अगले ही दिन युवक को इस रिश्ते की असलियत का पता चला। जिस व्यक्ति को शादी के दौरान दुल्हन का चाचा बताया गया था, वह वास्तव में उसका पति निकला। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि आरोपी दंपती की दो बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी है। मामला सामने आने के बाद कथित ''चाचा'' को गांव बुलाया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दंपती से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने आरोपों से इनकार किया। इसके बाद नवविवाहित युवक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में कथित ठगी के तरीके का खुलासा हुआ। आरोप है कि दंपती महिला की पहचान बदलकर अलग-अलग युवकों से उसकी शादी करवाता था। कहीं उसे बेटी तो कहीं भतीजी बताया जाता था। शादी के बाद दूल्हे या उसके परिवार से रुपये, सोने के आभूषण और अन्य सामान लेने का आरोप है। कलसुर निवासी युवक की शिकायत के आधार पर देगंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in