स्कूल के कमरे में कंडोम व शराब की बोतल मिलने से हड़कंप

प्रधान शिक्षक के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन
स्कूल के कमरे में कंडोम व शराब की बोतल मिलने से हड़कंप
Published on

संदेशखाली : संदेशखाली के सरबेड़िया हाईस्कूल में मंगलवार को एक कमरे से कंडोम के पैकेट और शराब की बोतल मिलने के आरोप के बाद विवाद खड़ा हो गया। मामले को लेकर छात्रों ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कुछ अभिभावकों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल हुए। सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अभिभावकों ने प्रधान शिक्षक मोहम्मद उजिर अली मोल्ला पर स्कूल का संचालन मनमाने ढंग से करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि छात्रों की समस्याओं, शिक्षकों की शिकायतों और मिड-डे मील से जुड़े मामलों पर प्रधान शिक्षक उचित ध्यान नहीं देते हैं। शिकायत करने पर छात्रों और शिक्षकों को कथित तौर पर डांट-फटकार का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने प्रधान शिक्षक पर नियमित रूप से स्कूल नहीं आने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा छात्राओं को दुष्कर्म की धमकी दी जाने की शिकायत सामने आने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। इसी बीच, स्कूल के एक कमरे से कंडोम के पैकेट और शराब की बोतल मिलने के दावे ने विवाद को और बढ़ा दिया। अभिभावकों और शिक्षकों ने सवाल उठाया कि यदि ये सामान स्कूल परिसर में मिले हैं, तो वे वहां कैसे पहुंचे और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, प्रधान शिक्षक मोहम्मद उजिर अली मोल्ला ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in