बारासात रेलवे ओवरब्रिज में कंपन और दरार की शिकायत, विधायक ने किया निरीक्षण

जल्द मरम्मत का दिया आश्वासन
बारासात रेलवे ओवरब्रिज में कंपन और दरार की शिकायत, विधायक ने किया निरीक्षण
Published on

बारासात : बारासात स्थित महत्वपूर्ण रेलवे ओवरब्रिज की जर्जर हालत ने स्थानीय लोगों और रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि ब्रिज से वाहन गुजरते ही कंपन महसूस होता है और इसके दो हिस्सों के जोड़ पर दरार जैसी स्थिति बन गई है। शिकायत सामने आने के बाद बारासात के विधायक शंकर चटर्जी मौके पर पहुंचे और ब्रिज का निरीक्षण कर अधिकारियों से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, चांपाडाली मोड़ के तितुमीर बस स्टैंड को कॉलोनी मोड़ से जोड़ने वाला यह रेलवे ओवरब्रिज बारासात के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। प्रतिदिन हजारों लोग और बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इसी ब्रिज से होकर गुजरते हैं। ऐसे में ब्रिज में कंपन महसूस होने की खबर से यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों के बीच दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले इस ब्रिज को कुछ सप्ताह के लिए बंद कर मरम्मत का कार्य कराया गया था। बाद में प्रशासन की अनुमति के बाद इसे फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया। हालांकि, कुछ ही समय में दोबारा तकनीकी खामियां सामने आने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक शंकर चटर्जी ने ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित इंजीनियरों से बातचीत हो चुकी है और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान इंजीनियरों ने बताया कि ब्रिज पर कुछ तकनीकी कार्य अभी शेष हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उनका कहना है कि फिलहाल घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है और ब्रिज की लगातार तकनीकी निगरानी की जा रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in