बनगांव में टोटो और बाइक की टक्कर, डेढ़ माह की मासूम की मौत

हादसे में मां भी घायल
 सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

बनगांव : उत्तर 24 परगना के बनगांव थाना के कालीतला माझेरपाड़ा इलाके में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, टोटो और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, बनगांव निवासी दिहाड़ी मजदूर राम घोष की डेढ़ माह की बेटी बृष्टि कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। रविवार को उसकी मां पूजा घोष उसे डॉक्टर को दिखाकर टोटो से घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामनगर रोड स्थित एक बैंक के पास मोड़ पर टोटो चालक ने अचानक वाहन मोड़ने का प्रयास किया। उसी समय बेड़ी गोपालपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल टोटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो पलट गया और पूजा घोष अपनी गोद में मौजूद बच्ची के साथ सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल बनगांव महकमा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मासूम बृष्टि को मृत घोषित कर दिया। घायल मां का इलाज जारी है। प्राथमिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आ रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और संबंधित वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बनगांव और आसपास के क्षेत्रों में टोटो चालकों की लापरवाही लगातार हादसों की वजह बन रही है। उनका कहना है कि बिना नियमों का पालन किए तेज गति से टोटो चलाए जाते हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से टोटो परिचालन पर सख्त निगरानी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in