हाड़ोआ में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में झड़प, दोनों पक्षों के 5 लोग घायल

हाड़ोआ में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में झड़प, दोनों पक्षों के 5 लोग घायल
Published on

बैरकपुर : 21 जुलाई के कार्यक्रम को लेकर पश्चिम बंगाल में बढ़े राजनीतिक तनाव के बीच मंगलवार की सुबह उत्तर 24 परगना के हाड़ोआ थाना क्षेत्र के माझेरआईट इलाके में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को हाड़ोआ ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक दल हाड़ोआ से कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान माझेरआईट इलाके में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस समर्थक मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे। विरोध करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। वहीं कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उनके कार्यकर्ता शांतिपूर्वक कोलकाता जा रहे थे। कांग्रेस की राज्य युवा इकाई के महासचिव शाहिद मोल्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने रास्ता रोककर पहले उकसाया और फिर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही हाड़ोआ थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in