

कोलकाता : बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के बादुड़िया स्थित एक एसआईआर सुनवाई केंद्र में तृणमूल समर्थकों द्वारा उपद्रव किए जाने का गंभीर आरोप लगाया। शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि बादुड़िया के बीडीओ कार्यालय में चल रही एसआईआर सुनवाई के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और अधिकारियों को धमकाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले फरक्का और चाकुलिया में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि राज्य में कोई कानून और व्यवस्था नहीं है और राज्य सरकार ने पुलिस कर्मियों को सुनवाई केंद्र से जानबूझकर हटा दिया है, ताकि तृणमूल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की कथित अवैध गतिविधियां आसान हो सकें। भाजपा नेता ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी पर आरोप लगाया कि वह मतदाता सूची में हेरफेर करने और “अवैध मतदाताओं” की बिना किसी प्रशासनिक बाधा के सुरक्षा करने की कोशिश कर रही है।