उत्तर 24 परगना में जनगणना की तैयारियां अंतिम चरण में, 1 अगस्त से शुरू होगी स्व-गणना

16 अगस्त से शुरू होगा हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस
उत्तर 24 परगना में जनगणना की तैयारियां अंतिम चरण में, 1 अगस्त से शुरू होगी स्व-गणना
Published on

जिले में करीब 18,800 गणनाकार और 3,200 पर्यवेक्षकों की तैनाती

बारासात : उत्तर 24 परगना जिले में जनगणना की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार जनगणना को अधिक पारदर्शी, सटीक और तकनीक आधारित बनाने के लिए ऑनलाइन स्व-गणना के साथ-साथ पारंपरिक घर-घर सर्वेक्षण की व्यवस्था भी की गई है। जिले में इस कार्य के लिए 18,800 गणनाकार (एन्यूमरेटर) और 3,200 पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर) की तैनाती की गई है। इसकी जानकारी जिलाधिकारी शिल्पा गौरीसरिया ने गुरुवार को बारासात स्थित जिला प्रशासनिक कार्यालय में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का होगा, जो 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान आम नागरिकों के साथ-साथ वीआईपी भी ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। दूसरा चरण हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस का होगा, जो 16 अगस्त से 14 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस अवधि में सरकारी गणनाकार घर-घर जाकर निर्धारित प्रारूप के अनुसार परिवारों और आवास संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में जनगणना के संचालन के लिए कुल 49 चार्ज सेंसस कार्यालय स्थापित किए गए हैं। इनमें 22 ब्लॉक चार्ज कार्यालय, 25 नगरपालिकाओं के चार्ज कार्यालय, बैरकपुर कैंटोन्मेंट बोर्ड तथा नवदिगंत इंडस्ट्रियल टाउनशिप अथॉरिटी के एक-एक कार्यालय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 17,070 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) तैयार किए जा चुके हैं। प्रत्येक एचएलबी में सामान्यतः 150 से 180 परिवार अथवा 750 से 800 आबादी को शामिल किया गया है, ताकि सर्वेक्षण कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सके। प्रशासन के अनुसार चार्ज अधिकारियों और फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। वहीं, गणनाकारों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण तथा मॉप-अप प्रक्रिया 5 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए जिले में 300 फील्ड ट्रेनरों की नियुक्ति की गई है। जनगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के 341 स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया है। जिला प्रशासन ने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9230188432 जारी किया गया है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in