मिठाई में कीड़ा डालकर ब्लैकमेल का आरोप, महिला ब्लॉगर और पति पर केस

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगा आईफोन और 10 हजार रुपये
मिठाई में कीड़ा डालकर ब्लैकमेल का आरोप, महिला ब्लॉगर और पति पर केस
Published on

हाबरा : मिठाई में कथित तौर पर कीड़ा डालकर उसका वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दुकानदार से आईफोन और नकद रुपये मांगने का मामला सामने आया है। हाबरा के प्रफुल्लनगर स्थित श्रीकृष्ण स्वीट्स के मालिक नयन घोष ने देबीनगर निवासी महिला ब्लॉगर सहेली दे सूत्रधर और उनके पति सुब्रत दे के खिलाफ हाबरा थाने में शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत के अनुसार, गुरुवार को सहेली और सुब्रत ने दुकान से दो लड्डू और दो संदेश खरीदे थे। करीब डेढ़ घंटे बाद वे दुकान पर लौटे और मिठाई में कीड़ा मिलने की शिकायत की। नयन घोष का आरोप है कि इसके बाद मिठाई में अलग से कीड़ा रखकर उसका फोटो और वीडियो बनाया गया। शाम करीब साढ़े चार बजे वीडियो दुकानदार के व्हाट्सऐप पर भेजा गया और इसे सोशल मीडिया पर डालने की बात कही गयी। दुकानदार के मुताबिक, फोन कर उन्हें शाम छह बजे तक आरोपियों के घर बुलाया गया। वहां कथित तौर पर वीडियो हटाने और विवाद खत्म करने के बदले आईफोन 15 प्रो मैक्स और 10 हजार रुपये नकद देने की मांग की गयी। इसके बाद उन्होंने हाबरा थाने में शिकायत दर्ज करायी। नयन घोष ने बताया कि उनकी मिठाई फैक्ट्री में आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल होता है और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। इसी आधार पर उन्होंने मिठाई में कीड़ा मिलने की घटना को संदिग्ध बताया। उनका आरोप है कि कारोबारी छवि खराब करने के साथ उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की गयी। वहीं, आरोपी पक्ष ने खुद को साजिश का शिकार बताया है। उन्होंने रुपये और आईफोन की मांग किए जाने की बात स्वीकार की, लेकिन इसे विवाद सुलझाने के लिए रखा गया प्रस्ताव बताया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in