

टीटागढ़ : बरसात के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से टीटागढ़ नगर पालिका ने मंगलवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। नगर पालिका की टीम ने वार्ड नंबर-14 स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल रोड और लूमटेक्स जूट मिल के सामने ड्रेन पर बने अवैध ढांचों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, नालों के ऊपर किए गए इन अवैध निर्माणों की वजह से पानी का बहाव बाधित हो रहा था और सफाई करने में भी समस्या हो थी। परिणामस्वरूप, बारिश के समय आसपास के इलाके में जलभराव की समस्या लगातार बनी रहती थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों और मानसून की स्थिति को देखते हुए अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए खड़दह थाना पुलिस और रैफ के जवान तैनात रहे। पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी ड्रेन, नालों और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।