कृष्णनगर : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे एक युवक का गुरुवार को घर से फंदे से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान चाकदह थाना क्षेत्र के विष्णुपुर निवासी तूफान मजुमदार के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि नौकरी नहीं मिलने की निराशा में उसने आत्मघाती कदम उठाया होगा। परिवार के मुताबिक, तूफान लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। उसके साथ पढ़ने वाले कई दोस्तों का राज्य पुलिस कांस्टेबल पद पर चयन हो चुका था, जबकि लगातार प्रयास के बावजूद उसे सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि इसे लेकर वह मानसिक तनाव में था। गुरुवार की सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर तूफान का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर विष्णुपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।