कृष्णनगर : कृष्णनगर के राजबाड़ी इलाके में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब राजबाड़ी से सटे तालाब में एक युवक का शव तैरता मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर शक्तिनगर अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है। उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने भी उसे पहचानने से इनकार किया है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर उसकी शिनाख्त की कोशिश कर रही है। युवक तालाब तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह सामने आने की उम्मीद है।