दो माह की बच्ची की मौत के बाद गुपचुप दफनाया शव, पिता और दादा गिरफ्तार

पुलिस ने दफनाए गए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
arrested 1
arrested 1
Published on

उत्तर 24 परगना : नैहाटी स्थित शिवदासपुर थाना इलाके के मामूदपुर में दो माह की बच्ची की हत्या कर शव को जल्दबाजी में दफनाने के आरोप में पुलिस ने उसके पिता अपूर्व बंद्योपाध्याय और दादा विकास बंद्योपाध्याय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दफनाए गए शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्ची की हत्या के बाद उसके शव को सुनसान जगह पर ले जाकर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। सूचना मिलने पर शिवदासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पिता व दादा को गिरफ्तार कर लिया। पड़ोसियों का दावा है कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ थी और उसके माता-पिता अक्सर नशे की हालत में रहते थे। उनका आरोप है कि यदि वे बच्ची की परवरिश नहीं करना चाहते थे, तो उसे किसी और को सौंप सकते थे। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बच्ची की मां समाप्ति बंद्योपाध्याय ने हत्या के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बच्ची को कुछ दिन पहले सर्दी हुई थी और उसका इलाज भी कराया गया था। बुधवार को तड़के जब वह उठीं तो बच्ची की सांस नहीं चल रही थी। उन्होंने उसे अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन उनके पति ने मना कर दिया और कहा कि इसे अस्पातल ले जाने का कोई फायदा नहीं होगा। बच्ची मर चुकी है। महिला का यह भी आरोप है कि उनके ससुर ने उनकी गोद से बच्ची को लेकर बिना किसी को सूचना दिए शव को दफना दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in