

कोलकाता : भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में पार्टी के संगठनात्मक अभियान को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्यभर में 10,000 शक्ति केंद्रों पर पथसभा आयोजित करने का लक्ष्य तय किया था, जिनमें से 8,745 पथसभाएं सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं। यह अभियान 5 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चला। राहुल सिन्हा के अनुसार, प्रशासनिक कारणों से पांच दिनों तक कार्यक्रम रोकना पड़ा और कुछ स्थानों पर केंद्रीय नेताओं के दौरे तथा विधानसभा स्तर पर आयोजित “परिवर्तन संकल्प सभा” के चलते पथसभाएं नहीं हो सकीं। इसके बावजूद अभियान के जरिए राज्य के लगभग हर शक्ति केंद्र में भाजपा की मौजूदगी सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि इस पूरे अभियान के संचालन के लिए 12 सदस्यीय एक विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें वे स्वयं और प्रदेश उपाध्यक्ष अमिताभ राय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। राहुल सिन्हा ने इसे भाजपा के इतिहास में पहली बार शक्ति केंद्र आधारित इतने व्यापक स्तर पर चला अभियान बताया। अंत में उन्होंने इस सफलता के लिए राज्यभर के भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताया और कहा कि संगठन को और मजबूत बनाने के लिए ऐसे जनसंपर्क कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।